रामपुर, 07 मई। शासन से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में आज जनपद रामपुर में एक व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। यह मॉक ड्रिल दयावती मोदी अकादमी परिसर में जिलाधिकारी रामपुर एवं पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में सम्पन्न करायी गयी। इसमें अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, वन विभाग तथा पुलिस/प्रशासन की सक्रिय भागीदारी रही।
इस अभ्यास में विभिन्न विद्यालयों के छात्र एवं 23 यूपी बीएन एनसीसी कैडेट शामिल हुए। मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपदा, विशेषकर अग्निकांड या हवाई हमले जैसी आकस्मिक परिस्थितियों में बचाव एवं सुरक्षा के उपायों की जानकारी देना था। इसके साथ ही आमजन को जागरूक करना, उन्हें आत्मनिर्भर और मानसिक रूप से तैयार करना तथा आपात प्रबंधन तंत्र की तत्परता व प्रभावशीलता का मूल्यांकन भी किया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान आग लगने, हवाई हमले या अन्य आपात परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया कैसे दी जाए, इसकी व्यावहारिक जानकारी दी गई। छात्रों को बताया गया कि ऐसी स्थिति में क्या-क्या सावधानियां बरतनी चाहिए और कैसे सुरक्षित रहना चाहिए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त क्षेत्राधिकारीगण एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी/कर्मचारी भी उपस्थित रहे। मॉक ड्रिल के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि किसी भी आपदा से निपटने के लिए सजगता, समन्वय और तत्परता अत्यंत आवश्यक है।
