समाजवादी पार्टी से निष्कासित विधायक पूजा पाल ने अखिलेश यादव को लिखा पत्र, खुद की हत्या की जताई आशंका
- रिपोर्ट- मंजय वर्मा
लखनऊ। समाजवादी पार्टी से निष्कासित विधायक पूजा पाल ने पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को एक पत्र लिखकर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। पत्र में पूजा पाल ने लिखा है कि जिस तरह उनके पति की हत्या हुई थी, उसी तरह उनकी भी हत्या हो सकती है।
उन्होंने पत्र में लिखा—
“…हो सकता है कि मेरे पति की तरह मेरी भी हत्या कर दी जाए। अगर ऐसा होता है, तो मैं सरकार और प्रशासन से मांग करती हूं कि मेरी हत्या का असली दोषी समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव को माना जाए।”
पूजा पाल ने पत्र में समाजवादी पार्टी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए लिखा कि पार्टी में पिछड़े, अति पिछड़े और दलित समुदाय को दूसरे दर्जे का नागरिक समझा जाता है, जबकि मुस्लिम नेताओं और अपराधियों को बढ़ावा दिया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति के हत्यारों को भी समाजवादी पार्टी के नेताओं ने संरक्षण दिया।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार में अपराधियों को सजा मिलती है, जबकि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में अपराधियों को संरक्षण और ताकत मिलती है।
पूजा पाल ने अपने निष्कासन पर भी सवाल उठाया और लिखा कि उन्हें निष्कासित करने से पहले अपना पक्ष रखने का मौका तक नहीं दिया गया। उन्होंने अखिलेश यादव पर दोहरे मानदंड अपनाने का आरोप लगाया।
उनका कहना है कि अगर उन्होंने भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशी को वोट दिया तो इसके लिए उन्हें सजा मिली, लेकिन खुद अखिलेश यादव और उनकी पत्नी ने भी दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशनल क्लब चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को वोट दिया था।
इस पत्र के सामने आने के बाद यूपी की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। अब देखना होगा कि समाजवादी पार्टी इन आरोपों पर क्या प्रतिक्रिया देती है।
