Etah, September 7. मिशन शक्ति अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने तथा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा से जुड़े कार्यों में तैनात कर्मचारियों की कार्यकुशलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस लाइंस एटा में मिशन शक्ति केन्द्रों पर नियुक्त कर्मचारियों की एसओपी संबंधी ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की गई।
पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार आयोजित परीक्षा दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक पुलिस लाइंस स्थित बहुउद्देशीय हॉल में हुई। परीक्षा के दौरान मिशन शक्ति केन्द्रों पर तैनात कर्मचारियों से उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों तथा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के विभिन्न प्रावधानों से संबंधित जानकारी का मूल्यांकन किया गया।
परीक्षा के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक अपराध श्री योगेन्द्र सिंह तथा क्षेत्राधिकारी कार्यालय श्री सुनील एहलावत की उपस्थिति रही। परीक्षा का आयोजन अलीगढ़ परिक्षेत्रीय कार्यालय के निर्देशन में किया गया।
वहीं, उप महानिरीक्षक, अलीगढ़ परिक्षेत्र द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से परीक्षा का लाइव निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने परीक्षा प्रक्रिया का जायजा लेते हुए मिशन शक्ति केन्द्रों पर तैनात कर्मचारियों की एसओपी संबंधी जानकारी एवं कार्यप्रणाली को परखा।
पुलिस विभाग के अनुसार, इस तरह के मूल्यांकन का उद्देश्य मिशन शक्ति केन्द्रों की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाना तथा महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित मामलों में कर्मचारियों को निर्धारित एसओपी के अनुरूप बेहतर ढंग से कार्य करने के लिए तैयार करना है।
