मिशन शक्ति केंद्र, थाना गंज की त्वरित कार्रवाई—7 वर्षीया बालिका और 3 वर्ष के बच्चे को 20 मिनट में परिजनों से मिलवाया
रामपुर। पुलिस अधीक्षक रामपुर के निर्देशन में मिशन शक्ति अभियान 5.0 के अंतर्गत महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए थाना गंज पुलिस व मिशन शक्ति केंद्र की टीम ने सराहनीय कार्य किया। गुमशुदा होने की सूचना मिलते ही 7 वर्षीय बच्ची और 3 वर्षीय बच्चे को मात्र 20 मिनट के भीतर खोजकर सुरक्षित रूप से उनके परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।
पहले मामले में दिल्ली के तुर्कमान गेट, पंत हॉस्पिटल क्षेत्र निवासी 7 वर्ष की बालिका, जो अपनी रिश्तेदारी में मोहल्ला घेर इनायत दूल्हा खां, थाना गंज आई हुई थी, घर से बाहर निकलने पर रास्ता भटक गई। सूचना बालिका की माता द्वारा मिशन शक्ति केंद्र, थाना गंज पर दी गई। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक गंज, उप निरीक्षक संदीप कुमार शर्मा व मिशन शक्ति टीम ने तत्काल सर्च शुरू की और मोहल्ला घेर तौगा पांच कब्र के पास से बच्ची को खोज निकाला। इसके बाद उसे थाने लाकर परिजनों से संपर्क कर सुरक्षित सुपुर्द कर दिया गया।
दूसरे मामले में 3 वर्ष का बच्चा निवासी मछली बाजार, थाना गंज घर के बाहर खेलते समय रास्ता भटक गया था। उसके पिता द्वारा दी गई सूचना पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बच्चे को भी 20 मिनट के भीतर खोज निकाला और परिजनों के हवाले कर दिया।
रामपुर पुलिस और मिशन शक्ति टीम की इस त्वरित व प्रभावी कार्रवाई की परिजनों द्वारा भूरि-भूरि प्रशंसा की गई। पुलिस प्रशासन ने आश्वस्त किया कि महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में त्वरित सहायता लगातार जारी रहेगी।
