महिला-बालिका सुरक्षा, हेल्पलाइन और सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
मिशन शक्ति 5.0 के तहत हॉटस्पॉट और स्कूल में चला जागरूकता अभियान
- रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव
राबर्ट्सगंज(सोनभद्र)। जिलाधिकारी के निर्देशन में महिला कल्याण विभाग द्वारा बुधवार को मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर जागरूकता एवं औचक चेकिंग अभियान चलाया गया। टीम ने राबर्ट्सगंज क्षेत्र के रेलवे स्टेशन, रोडवेज, मंदिर और प्रमुख चौराहों पर आमजन को जागरूक किया। संकट में फंसी महिला या भटका हुआ बच्चा मिलने पर तत्काल 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और महिला हेल्पलाइन 181 पर सूचना देने की अपील की गई। बताया गया कि इन हेल्पलाइन के माध्यम से पुलिस सहायता, चिकित्सा, सुरक्षित स्थान, शेल्टर होम एवं कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
इसी क्रम में संत कीनाराम सीनियर सेकेंडरी स्कूल, राबर्ट्सगंज में विशेष जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई। छात्र-छात्राओं को मिशन शक्ति, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, PCPNDT अधिनियम, वन स्टॉप सेंटर, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना की जानकारी दी गई। महिला एवं बालिकाओं के अधिकारों, सुरक्षित व्यवहार और आत्मनिर्भरता के प्रति भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन जिला समन्वयक मुकेश कुमार सिंह, वन स्टॉप सेंटर प्रबंधक दीपिका सिंह, काउंसलर रेनू, साधना मिश्रा, ससुधा गिरी, सीमा शर्मा, सत्यम चौरसिया, नागेंद्र सहित हब फॉर इम्पावरमेंट, वन स्टॉप सेंटर एवं चाइल्डलाइन टीम के सदस्य मौजूद रहे। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में सुरक्षा एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।
