मिर्ज़ापुर: हेलीकॉप्टर से ससुराल पहुँची दुल्हन, विदाई ने बटोरी सबकी निगाहें
लालगंज के उसरी खमरिया गांव में अनोखी शादी बनी चर्चा का केंद्र
रिपोर्ट: मंजय वर्मा
मिर्ज़ापुर। जिले के लालगंज क्षेत्र के उसरी खमरिया गांव में एक अनोखी शादी ने पूरे क्षेत्र का ध्यान खींच लिया, जब विदाई के समय दूल्हा अपनी दुल्हन को हेलीकॉप्टर से लेकर गया। यह नजारा देखने के लिए गांव और आसपास के इलाकों से सैकड़ों की भीड़ उमड़ पड़ी।
दूल्हा पहुंचा हेलीकॉप्टर लेकर, विदाई बनी यादगार
दुल्हन प्रिया तिवारी, जो उसरी खमरिया गांव के रणजीत तिवारी की बेटी हैं, की शादी बड़े ही धूमधाम से सम्पन्न हुई। बारात अकसौली से दुबे परिवार के यहां से आई थी। शादी की सारी रस्में पारंपरिक ढंग से संपन्न हुईं, लेकिन असली चौंकाने वाला पल आया विदाई के समय।
दूल्हे ने अपनी दुल्हन की विदाई हेलीकॉप्टर से कराकर सबको हैरान कर दिया। जैसे ही हेलीकॉप्टर खेत में उतरा, पूरा गांव उमड़ पड़ा। लोग इस यादगार पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए।
लोगों के बीच बना आकर्षण, बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने देखा नजारा
गांव के लोगों के लिए यह पहला मौका था जब उन्होंने इतने करीब से हेलीकॉप्टर देखा। बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग सभी हेलीकॉप्टर को देखने और दूल्हा-दुल्हन की एक झलक पाने के लिए उत्साहित दिखे। गांव के कई लोगों ने कहा कि उन्होंने ऐसा नजारा केवल फिल्मों में देखा था।
शादी बनी चर्चा का विषय
हेलीकॉप्टर से हुई विदाई ने इस शादी को जिले भर में चर्चित बना दिया है। लोगों का कहना है कि ये शादी आने वाले वर्षों तक मिसाल के तौर पर याद की जाएगी। हर लड़का-लड़की चाहता है कि उसकी शादी कुछ खास और यादगार हो, और इस जोड़े ने वाकई में इसे एक ऐतिहासिक पल बना दिया।
