नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने सचखंड श्री दरबार साहिब में टेका मत्था

अमृतसर: भारत सरकार के नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल आज सचखंड श्री दरबार साहिब पहुंचे और मत्था टेका। पंजाब के पहले दौरे पर पहुंचे मोहोल ने देश में शांति और सुख-समृद्धि की अरदास की।

मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में आई बाढ़ के कारण भारी नुकसान हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी केंद्रीय मंत्रियों को निर्देश दिए हैं कि वे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लें।

मोहोल ने बताया कि पंजाब के कई इलाके बाढ़ की चपेट में हैं, जहां घरों, फसलों और पशुधन को काफी नुकसान हुआ है। राहत कार्य लगातार जारी हैं। उन्होंने कहा कि वे आज मोगा जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे और मौके पर जाकर नुकसान का पूरा आकलन करेंगे।

मंत्री मोहोल ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से पहले ही 1600 करोड़ रुपये का राहत पैकेज जारी किया जा चुका है। यदि यह राशि अपर्याप्त रही तो वे स्वयं प्रधानमंत्री को लिखित रूप से अनुरोध करेंगे ताकि भविष्य में इस पैकेज को और बढ़ाया जा सके।

मोहोल ने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार पंजाब समेत देश के सभी बाढ़ प्रभावित इलाकों के लोगों की हरसंभव मदद करेगी और राहत व पुनर्वास कार्यों में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.