श्री सालिक राम इंटर कॉलेज के वार्षिक फेयरवेल में मेधावी छात्रों को साइकिल देकर किया सम्मान

उझानी/बदायूँ: विकास खंड उझानी के पैतृक गांव अब्दुल्लागंज स्थित Shri Salik Ram Inter College में आयोजित वार्षिक फेयरवेल कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सचिन शर्मा मैथिल ने माँ सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मुख्य अतिथि सचिन शर्मा मैथिल, जो राज्य कृषि विपणन बोर्ड के सलाहकार एवं भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रभारी रह चुके हैं, ने अपने पूर्व घोषित संकल्प को पूरा करते हुए वर्ष 2025 में कक्षा 10वीं और 12वीं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को साइकिल प्रदान कर सम्मानित किया। इस क्रम में कक्षा 10वीं की छात्रा दीपिका मिश्रा तथा कक्षा 12वीं के छात्र शिवम पाराशरी को एक-एक साइकिल भेंट की गई।

इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को आगामी बोर्ड परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेहनत, लगन और अनुशासन से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

सचिन शर्मा मैथिल ने घोषणा की कि यह सम्मान कार्यक्रम आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अब्दुल्लागंज के दोनों इंटर कॉलेजों के अलावा यदि गांव के कोई छात्र-छात्रा अन्य किसी स्कूल या कॉलेज में पढ़ते हुए कक्षा 10वीं या 12वीं में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर टॉप करते हैं, तो उन्हें भी उनकी ओर से साइकिल प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.