रामपुर। जन सेवा समिति की एक बैठक सिटी पोस्ट ऑफिस स्थित कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष वसीम उल हसन खान ने की। इस दौरान उन्होंने राम रहीम पुल के पास स्थित 45 वर्ष पुरानी दुकानों को लेकर चिंता जताई, जिन्हें नगर पालिका द्वारा ध्वस्त कर दिया गया है।
वसीम उल हसन खान ने कहा कि इन दुकानों पर कोर्ट से स्टे खारिज होने के बाद नगर पालिका द्वारा ध्वस्तीकरण किया गया, जिससे वहां वर्षों से व्यापार कर रहे दुकानदारों के सामने रोज़ी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। हर परिवार में चार से पांच सदस्य हैं, जिनमें कई बच्चों की पढ़ाई-लिखाई भी प्रभावित हो रही है। बच्चों की स्कूल फीस, किताबें, और घर-गृहस्थी का खर्च अब एक बड़ी चुनौती बन गया है।
जन सेवा समिति ने जिलाधिकारी से मांग की है कि इन प्रभावित व्यापारियों का पुनर्वास किया जाए। समिति ने सुझाव दिया कि इन व्यापारियों को बापू मॉल या मीना बाजार में बिना पगड़ी और पैसे के कम से कम मासिक किराए पर दुकानें आवंटित की जाएं, ताकि वे अपने परिवार की जरूरतें पूरी कर सकें और उनके बच्चों का भविष्य सुरक्षित रह सके। साथ ही व्यापार में हुए नुकसान की भी भरपाई की मांग की गई।
इस मौके पर नगर अध्यक्ष हारिस शमसी, गौरव अग्रवाल, चंद्र प्रकाश रस्तोगी, बाबू अली, हरमीत सिंह, शीराज शमसी, शिबू खान, अब्दुल समद, मुकर्रम मियां, दानिश, हारून खान, साउद खान, नजमी खान, तिब्यन अहमद साहब और सनी गुप्ता आदि मौजूद रहे।
