रामपुर में कूड़े के ढेर में जोरदार धमाका, कबाड़ी युवक गंभीर रूप से झुलसा; मेरठ रेफर

रामपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के तोपखाना चौकी के पास बने कूड़े के बड़े ढेर में सोमवार सुबह अचानक जोरदार धमाका हो गया, जिससे वहां पन्नी बीन रहा एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। धमाके की आवाज से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार घायल युवक पप्पू पुत्र अकबर, निवासी अगापुर थाना गंज क्षेत्र का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि वह सुबह कचरे के ढेर पर पन्नी बीन रहा था, तभी अचानक कचरे के अंदर से तेज धमाका हुआ और वह उछलकर दूर जा गिरा।

धमाके में युवक के दोनों हाथ बुरी तरह झुलस गए और उसकी आंखों की रोशनी भी प्रभावित हुई है। धमाका इतना तेज था कि आसपास के मकानों की दीवारें तक हिल गईं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया।

सूचना पर नगर क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान चौकी प्रभारी मनोज कुमार भी मौजूद रहे। पुलिस द्वारा धमाके के कारणों की जांच की जा रही है।

स्थानीय लोगों ने नगर पालिका पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि तोपखाना क्षेत्र में लंबे समय से कचरे का ढेर लगा हुआ है, जिससे लगातार खतरा बना रहता है। उन्होंने मांग की है कि कचरे को जल्द हटाकर सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

 

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.