नवरात्रि के पहले दिन मारुति सुजुकी ने बनाया बिक्री का रिकॉर्ड, 30 हजार कारों की डिलीवरी – GST दरों में कटौती से बढ़ी मांग

नई दिल्ली। नवरात्रि के पहले दिन देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) ने नया रिकॉर्ड बना डाला। कंपनी ने 30,000 कारों की डिलीवरी कर दी और लगभग 80,000 नई इंक्वायरी भी दर्ज की गईं। नवरात्रि के साथ ही बाजार में रौनक लौट आई है और ग्राहकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है।

मारुति सुजुकी ने हाल ही में जीएसटी दरों में कटौती का लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए नई कीमतों की घोषणा की थी। कंपनी के मुताबिक, एंट्री-लेवल ऑल्टो K10 अब ₹1,07,600 सस्ती होकर ₹3,69,900 में उपलब्ध है, वहीं ग्रैंड विटारा की कीमत भी घटकर ₹10,76,500 हो गई है।

जीएसटी में बड़ा बदलाव – छोटी कारें होंगी सस्ती

4 सितंबर 2025 को केंद्र सरकार ने GST दरों में बड़ा सुधार किया। अब सिर्फ दो टैक्स स्लैब (5% और 18%) रखे गए हैं। छोटी कारें – यानी जिनकी लंबाई 4 मीटर से कम हो और इंजन छोटा हो – उन पर 18% जीएसटी लगेगा। जबकि बड़ी व लग्जरी कारों (4 मीटर से ज्यादा लंबाई या बड़ा इंजन) पर 40% जीएसटी लागू होगा। इलेक्ट्रिक कारों पर 5% जीएसटी पहले की तरह जारी रहेगा।

मारुति सुजुकी को मिला सबसे बड़ा फायदा

मारुति सुजुकी की ज्यादातर बिक्री छोटी कारों से होती है, इसलिए यह कर सुधार कंपनी के लिए सबसे बड़ा वरदान साबित हुआ है। विशेषज्ञों का मानना है कि नवरात्रि और दिवाली सीजन में मारुति सुजुकी की बिक्री नए रिकॉर्ड बना सकती है।

कंपनी ने साफ कहा कि “ग्राहकों तक हर संभव लाभ पहुंचाया जाएगा ताकि त्योहारों पर कार खरीदने का सपना और आसान हो सके।”

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.