काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर की बड़ी सफलता, दो ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार
दो अलग-अलग ऑपरेशनों में 13 किलो हेरोइन बरामद, पंजाब में विभिन्न स्थानों पर सप्लाई करते थे आरोपी
- रिपोर्ट: ललित शर्मा
अमृतसर। काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अलग-अलग ऑपरेशनों के दौरान कुल 13 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विभिन्न स्थानों से हेरोइन की खेप उठाकर पंजाब के अलग-अलग इलाकों में विभिन्न तस्करों और ग्राहकों तक पहुंचाने का काम करते थे।
इस संबंध में स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी), अमृतसर थाना में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं।
पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि इस नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक, अन्य सहयोगियों की पहचान तथा पूरे ड्रग सप्लाई चेन का खुलासा किया जा सके।
पंजाब पुलिस ने दोहराया है कि वह राज्य में सक्रिय नशा तस्करी नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने तथा पंजाब को सुरक्षित और नशा मुक्त बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्रवाई जारी रखेगी।
