अमृतसर एयरपोर्ट पर 1 अप्रैल से बड़ा बदलाव, रोज 8 घंटे बंद रहेगा रनवे

अमृतसर। श्री गुरु रामदास इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 1 अप्रैल 2026 से फ्लाइट संचालन में बड़ा बदलाव लागू होने जा रहा है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) द्वारा रनवे की मरम्मत और अपग्रेडेशन कार्यों के चलते यह निर्णय लिया गया है।

एयरपोर्ट डायरेक्टर भूपिंदर सिंह के अनुसार जारी NOTAM के तहत 1 अप्रैल से 27 सितंबर 2026 तक रोजाना दोपहर 1:45 बजे से रात 9:45 बजे तक रनवे पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान किसी भी फ्लाइट का संचालन नहीं होगा। हालांकि, सभी उड़ानों को नए शेड्यूल के अनुसार बंद समय से पहले या बाद में संचालित किया जाएगा।

बताया गया कि एयरपोर्ट पर करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से रनवे का नवीनीकरण किया जा रहा है। इस दौरान 3658 मीटर लंबे और 60 मीटर चौड़े रनवे की री-कार्पेटिंग की जाएगी, ताकि बड़े विमानों की सुरक्षित लैंडिंग और टेकऑफ सुनिश्चित हो सके। इसके अलावा रनवे के दोनों सिरों पर सुरक्षा क्षेत्र (RESA) को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा।

एयरपोर्ट पर लगी 2000 से अधिक पुरानी लाइट्स को एलईडी लाइट्स से बदला जाएगा और आधुनिक ILCMS सिस्टम लगाया जाएगा, जिससे कम विजिबिलिटी में भी उड़ानों का संचालन अधिक सुरक्षित और सुगम हो सकेगा।

अमृतसर एयरपोर्ट से वर्तमान में 62 उड़ानें संचालित होती हैं, जिनमें 40 घरेलू और 22 अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स शामिल हैं। यह एयरपोर्ट देश के प्रमुख शहरों के साथ-साथ दोहा, दुबई, सिंगापुर, लंदन और बैंकॉक जैसे अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों से भी जुड़ा हुआ है।

एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी फ्लाइट का शेड्यूल अवश्य जांच लें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी फ्लाइट को रद्द या डायवर्ट नहीं किया गया है, केवल समय में बदलाव किया गया है।

प्रशासन ने यह भी कहा कि यात्रियों को घबराने की जरूरत नहीं है, यह अस्थायी व्यवस्था है और कार्य पूरा होते ही रात 9:45 बजे के बाद रनवे फिर से चालू कर दिया जाएगा। यह पूरा कार्य यात्रियों की सुरक्षा और बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.