ऐलनाबाद, 22 नवंबर (एम पी भार्गव)।पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान को बड़ी सफलता मिली है। सीआईए ऐलनाबाद पुलिस टीम ने 15 ग्राम 61 मिलीग्राम हेरोइन बरामदगी मामले में फरार चल रहे मुख्य सप्लायर को रानियां क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है।
सीआईए ऐलनाबाद प्रभारी इंस्पेक्टर धर्मवीर ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान सोनू पुत्र ओमप्रकाश निवासी दड़बा कलां जिला सिरसा के रूप में हुई है।
10 जुलाई को हुआ था हेरोइन बरामदगी का मामला
10 जुलाई को सीआईए स्टाफ सिरसा पुलिस ने रानियां थाना क्षेत्र से एक आरोपी के कब्जे से 15 ग्राम 61 मिलीग्राम हेरोइन बरामद की थी। पूछताछ में उक्त आरोपी ने खुलासा किया था कि वह हेरोइन सोनू से लेकर आया था। इसके बाद पुलिस आरोपी सप्लायर की तलाश में जुटी हुई थी।
रानियां पुलिस की दबिश में काबू
जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर थाना रानियां पुलिस ने रानियां क्षेत्र में दबिश देकर सप्लायर सोनू को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत मुकदमा दर्ज है।
न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी सोनू को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
