Mahashivratri 2026: 15 फरवरी को महाशिवरात्रि, इन उपायों से दूर होंगी विवाह में आ रही बाधाएं

इस साल महाशिवरात्रि का पावन पर्व 15 फरवरी 2026 को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। माघ माह के शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी तिथि को पड़ने वाली महाशिवरात्रि को भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह का पर्व माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन व्रत और पूजा करने से वैवाहिक जीवन में सुख-समृद्धि आती है। वहीं जिन लोगों के विवाह में लगातार अड़चनें आ रही हों, उनके लिए महाशिवरात्रि के दिन किए गए विशेष उपाय शुभ फल प्रदान करते हैं।

महाशिवरात्रि पर करें ये उपाय

पौराणिक कथाओं के अनुसार महाशिवरात्रि का व्रत रखने से दांपत्य जीवन मजबूत होता है। साथ ही, कुछ विशेष उपाय करने से विवाह के योग भी शीघ्र बनते हैं।

जल्द बनेंगे शादी के योग

ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, महाशिवरात्रि के दिन विवाह योग्य कन्या के हाथों से किसी गरीब या जरूरतमंद कन्या को पीले रंग के वस्त्र दान कराना शुभ माना जाता है। इसके अलावा व्रत रखकर माता पार्वती को श्रृंगार की सामग्री अर्पित करने से विवाह के योग प्रबल होते हैं।

शिवलिंग पर हल्दी का तिलक

यदि किसी युवक के विवाह में बार-बार बाधाएं आ रही हों, तो उसे महाशिवरात्रि का व्रत रखना चाहिए। इस दिन रात में शिवलिंग पर केसर मिला दूध अर्पित करें। बेलपत्र पर पीले चंदन या हल्दी से ‘ॐ’ लिखकर शिवलिंग पर चढ़ाएं और हल्दी से तिलक करें। मान्यता है कि इससे मनचाहा जीवनसाथी मिलने के योग बनते हैं।

निशिता काल में करें विशेष पूजा

महाशिवरात्रि के दिन निशिता काल में भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा का विशेष महत्व है। इस समय शिव-पार्वती की प्रतिमा के चारों ओर लाल कलावा सात बार लपेटकर बिना गांठ लगाए गठबंधन करें। ऐसा करने से शीघ्र विवाह के संकेत मिलते हैं।

विवाह की बाधाएं होंगी दूर

महाशिवरात्रि के दिन भगवान शिव और माता पार्वती का विधिवत पूजन करें और उन्हें गेंदे के फूलों की माला अर्पित करें। इसके बाद शिवजी के चरणों में बैठकर “ॐ गौरी शंकराय नमः” मंत्र का कम से कम 11 बार जाप करें। मान्यता है कि इससे विवाह में आ रही रुकावटें दूर होती हैं।

धार्मिक विश्वासों के अनुसार महाशिवरात्रि पर सच्चे मन से की गई उपासना और ये उपाय जीवन में सुखद बदलाव ला सकते हैं।

 

khabre junction

डिस्क्लेमर- यहां दी गई जानकारियां सामाजिक और धार्मिक आस्थाओं पर आधारित हैं। khabrejunction.com इनकी पुष्टि नहीं करता।

Leave A Reply

Your email address will not be published.