अपराधियों के आगे बेबस लखनऊ की ‘मित्र पुलिस’, क्या किसी बड़ी वारदात का कर रही है इंतज़ार?

पारा थाना क्षेत्र में गोलियों की तड़तड़ाहट से मचा दहशत, 14 दिन बाद भी कार्रवाई नगण्य

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे थाना क्षेत्रों में गोलियां चलाकर खुलेआम कानून-व्यवस्था को चुनौती दे रहे हैं, जबकि पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। मामला थाना पारा क्षेत्र का है, जहां 28 तारीख की रात आधी रात के वक्त कुछ दबंग अपने साथियों के साथ पहुंचे और असलहों से गोलियां बरसाते हुए इलाके में दहशत फैला दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के दौरान दबंगों ने खुलेआम हथियार लहराए और धमकियां दीं, इसके बावजूद वे आराम से वहां से निकल गए। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि 14 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस कार्रवाई के नाम पर शून्य पर है।
इस मामले में केवल ज्ञान सिंह नामक एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई है, जबकि वह इस वारदात का मुख्य सूत्रधार बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में ज्ञान सिंह को मौके पर देखा गया है, जो भालिया निवासी है और लखनऊ के कई थानों में गंभीर आपराधिक मुकदमों में वांछित है।
जानकारी के अनुसार, ज्ञान सिंह पर लूट, धमकी, अवैध असलहा रखने और मारपीट जैसे कई मामले दर्ज हैं, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई गुंडा या गैंगस्टर की कार्रवाई उस पर नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की यह निष्क्रियता और उदासीन रवैया अपराधियों के हौसले को और बढ़ा रहा है। क्षेत्र के नागरिकों में भय और आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो किसी बड़ी वारदात की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
स्थानीय लोगों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और क्षेत्र में पुलिस गश्त व सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए, ताकि आम नागरिकों में फिर से सुरक्षा की भावना लौट सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.