मुख्यमंत्री को पत्र,विशेष सचिव का आदेश भी बेअसर,लखीसराय वक्फ कमिटी को अब तक नहीं मिला कार्यालय

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र, विभागीय निर्देश और विशेष सचिव के आदेश के बावजूद कमरा आवंटित नहीं; वक्फ संपत्तियों के रखरखाव व विकास कार्य प्रभावित

लखीसराय।जिला वक्फ कमिटी को अब तक कार्यालय उपलब्ध नहीं कराए जाने के कारण वक्फ से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हो रहे हैं। कार्यालय के अभाव में न केवल प्रशासनिक कार्य बाधित हो रहे हैं, बल्कि वक्फ संपत्तियों के रखरखाव और विकास कार्यों में भी दिक्कतें आ रही हैं।लखीसराय जिला वक्फ कमिटी के अध्यक्ष सरफराज आलम लंबे समय से जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी के कार्यालय परिसर या जिला मुख्यालय में कमेटी के लिए एक कमरे/कार्यालय की मांग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कमेटी के गठन के बाद से ही कई बार लिखित और मौखिक रूप से कार्यालय उपलब्ध कराने की मांग की गई है।उन्होंने बताया कि 27 जून 2024 को भी इस संबंध में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखकर जिला वक्फ कमिटी के लिए कार्यालय आवंटित करने की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।

सरफराज आलम के अनुसार, बिहार राज्य सुन्नी वक्फ बोर्ड और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा भी कई बार जिला स्तर पर कार्यालय उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है, इसके बावजूद अब तक कमिटी को कार्यालय नहीं मिल पाया है।

उन्होंने कहा कि बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के ज्ञापांक–2052 (दिनांक 28 जुलाई 2016) के अनुसार जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी को अपने कार्यालय परिसर में जिला वक्फ कमेटी के लिए एक कमरा, टेबल, कुर्सियां और आलमीरा उपलब्ध कराना अनिवार्य है, लेकिन इस निर्देश का पालन नहीं किया जा रहा है।इस बीच हाल ही में जिला वक्फ कमिटी के एक शिष्टमंडल ने अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के विशेष सचिव सह निदेशक डॉ० अमीर आफाक अहमद फैजी से मुलाकात कर मामले की जानकारी दी थी।मुलाकात के बाद डॉ. फ़ैज़ी ने फोन के माध्यम से ही जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी को अविलंब जिला वक्फ कमिटी को कमरा आवंटित करने का निर्देश दिया था। हालांकि उनके आदेश के बावजूद अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं दिखाई दी है और उनके निर्देश की भी अनदेखी किए जाने की बात कही जा रही है।वहीं जिला परिषद की उपाध्यक्ष अनीता महतो ने भी इस मामले में प्रधान सचिव को पत्र लिखकर जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी के कार्यकलापों की जांच कराने और जिला वक्फ कमेटी को जल्द कार्यालय उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। जिला वक्फ कमिटी के अध्यक्ष सरफराज आलम ने जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र से भी इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है, ताकि जिला वक्फ कमेटी को जल्द से जल्द कार्यालय के लिए कमरा आवंटित किया जा सके और वक्फ से जुड़े कार्यों को सुचारू रूप से संचालित किया जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.