हर घर लहराए भाजपा का झंडा : हरीश गंगवार

रामपुर। भारतीय जनता पार्टी कार्यालय पर आयोजित जिला कार्यसमिति की बैठक में जिला अध्यक्ष हरीश गंगवार ने पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए पार्टी के स्थापना दिवस को भव्य रूप से मनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि 6 अप्रैल को हर कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करे कि हर घर पर भारतीय जनता पार्टी का झंडा लहराए। साथ ही सभी पदाधिकारी अपने-अपने आवास पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करें।

हरीश गंगवार ने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भारतीय जनता पार्टी से जुड़ा होना सभी कार्यकर्ताओं के लिए गर्व और सम्मान की बात है। देशभर में करोड़ों कार्यकर्ता हर वर्ष स्थापना दिवस को उत्साह के साथ मनाते हैं और राष्ट्र प्रथम के सिद्धांत पर कार्य करने का संकल्प लेते हैं।

उन्होंने बताया कि पार्टी की विचारधारा, केंद्र सरकार की उपलब्धियां और कार्यकर्ताओं की मेहनत के चलते जनता का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के मंत्र पर कार्य कर रही है।

बैठक में महिला आयोग सदस्य सुनीता सैनी, मोहन कुमार लोधी, जिला महामंत्री जगपाल सिंह यादव, रविंद्र सिंह रवि, अर्जुन रस्तोगी, ब्लॉक प्रमुख मोहित सैनी, जिला उपाध्यक्ष विकास दीक्षित सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने स्थापना दिवस को धूमधाम से मनाने और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.