रामपुर में दिक्षित कॉलेज के लॉ के छात्रों का कॉलेज के खिलाफ फूटा गुस्सा

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खां

रामपुर। जिले के दीक्षित कॉलेज में लॉ (विधि) के छात्र-छात्राओं ने परीक्षा परिणाम को लेकर कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि कॉलेज प्रशासन ने 205 छात्र-छात्राओं में से केवल दो छात्रों को पास किया, जबकि 203 छात्रों को बिना उचित कारण फेल कर दिया गया।

प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं ने आरोप लगाया कि परीक्षा परिणाम को लेकर कॉलेज प्रशासन से कई बार शिकायत की गई, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि जब उन्होंने परिणाम और मूल्यांकन को लेकर सवाल उठाए तो कॉलेज प्रशासन ने संतोषजनक जवाब देने के बजाय उनके साथ अभद्र व्यवहार और बदसलूकी की।

मामले को लेकर छात्रों ने जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी को लिखित शिकायत सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की। डीएम को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा गया।

छात्रों ने बताया कि यह पहली बार नहीं है। इससे पहले भी वे कॉलेज प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर चुके हैं। उस दौरान पटवाई पुलिस मौके पर पहुंची थी और छात्रों को शांत कराया था। छात्रों का आरोप है कि उस समय कॉलेज प्रबंधन के साथ वार्ता भी हुई थी, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकला।

प्रदर्शनकारी छात्रों ने कहा कि कॉलेज भाजपा नेता जागेश्वर दयाल दीक्षित से जुड़ा हुआ है। उनका आरोप है कि कॉलेज प्रशासन उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं ले रहा है और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।

छात्र-छात्राओं ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा परीक्षा परिणाम की समीक्षा कर न्याय दिलाने की मांग की है। फिलहाल इस मामले में कॉलेज प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

————-

  •  एलएलबी छात्रों ने परीक्षा परिणाम पर उठाए सवाल, कॉपियों की दोबारा जांच और फीस वापसी की मांग

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.