अमृतसर के बटाला रोड पर देर रात फायरिंग, सुनार की दुकान में लूट की कोशिश नाकाम
गोली चलाने वाले युवक को दुकानदार ने हिम्मत दिखाकर दुकान के अंदर ही काबू किया, घटना सीसीटीवी में कैदसीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की
अमृतसर के बटाला रोड इलाके में एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। देर रात एक सुनार की दुकान में फायरिंग की घटना सामने आई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। इस वारदात की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें पूरी घटना कैद दिखाई दे रही है।
सीसीटीवी वीडियो के अनुसार दो युवक दुकान के अंदर दाखिल हुए और चांदी की चेन बेचने की बात करने लगे। जब दुकानदार ने पुराना चांदी का सामान खरीदने से इनकार किया, तो अचानक एक युवक ने पिस्तौल निकालकर दो गोलियां चला दीं। गोलियों की आवाज सुनते ही जब दुकान के बाहर लोग इकट्ठा होने लगे, तो दूसरा युवक मौके से फरार हो गया। इसी दौरान दुकानदार ने हिम्मत और बहादुरी दिखाते हुए एक लुटेरे को काबू कर लिया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी को भी गोली नहीं लगी।
दुकानदार विक्की शर्मा ने मीडिया से बातचीत में बताया कि घटना के समय उनके साथ उनका नाबालिग भतीजा भी दुकान पर मौजूद था। उन्होंने बताया कि दोनों युवकों ने चेहरे पर मास्क लगाए हुए थे और अचानक फायरिंग कर दी, जिससे बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था। विक्की शर्मा ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और इंसाफ की मांग की है।
वहीं पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी कि यह घटना करीब रात 8:15 बजे केके ज्वैलर्स, बांके बिहारी गली में हुई। दो युवकों में से एक फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
