मेदनीचौकी थाना पहुंचे लखीसराय के एसपी अवधेश दीक्षित, लंबित कांडों की समीक्षा

थाना निरीक्षण के बाद एसपी ने लगाया जनता दरबार, शिकायतों के त्वरित निपटारे के निर्देश

लखीसराय (सरफराज आलम)। लखीसराय के पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने बुधवार को मेदनीचौकी थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना में संचालित विभिन्न कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए लंबित कांडों की प्रगति की जानकारी ली। एसपी ने अनुसंधान कार्यों में तेजी लाने, अभिलेखों के समुचित संधारण तथा फरार एवं वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

थाना निरीक्षण के उपरांत पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने थाना परिसर में जनता दरबार का आयोजन कर आम जन की समस्याएं सुनीं। जनता दरबार में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। एसपी ने नागरिकों से सीधे संवाद कर पुलिसिंग से जुड़ी स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली तथा कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी प्राप्त किए।

जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम जनता की शिकायतों का समयबद्ध समाधान पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनता का विश्वास कायम रखना ही प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है।

इस अवसर पर एसपी अवधेश दीक्षित ने स्पष्ट कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के साथ-साथ जनहित से जुड़े मामलों में पुलिस पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी। अपराध और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.