लखीसराय एसपी अजय कुमार ने मेदनीचौकी थाने का किया निरीक्षण, निरीक्षण के बाद गरीब असहाय लोगों के बीच किया कंबल वितरण
लखीसराय(सरफराज आलम) लखीसराय के पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने आज जिले सूर्यगढ़ा प्रखंड अंतर्गत मेदिनीचौकी थाना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय कक्ष, हाजत, मालखाना, अभिलेख पंजी समेत लंबित मामलों की प्रगति की बारीकी से समीक्षा की।
एसपी ने थाने में मौजूद पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि लंबित कांडों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आमजन से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने, फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से लेने, समयबद्ध अनुसंधान, नियमित गश्ती एवं प्रभावी अपराध नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने को कहा।निरीक्षण के क्रम में साफ-सफाई, अनुशासन और रिकॉर्ड संधारण को और बेहतर करने के निर्देश दिए गए। एसपी अजय कुमार ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। थाना निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में थाना क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न इलाकों से पहुंचे फरियादियों ने एसपी अजय कुमार से अपनी-अपनी समस्याओं को लेकर गुहार लगाई। जिस पर एसपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना अध्यक्ष को अवि लंब आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।
निरीक्षण के उपरांत एसपी अजय कुमार ने मानवीय पहल करते हुए मेदनीचौकी थाना परिसर में गरीब,असहाय एवं जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल का वितरण किया।वहीं स्थानीय विद्यालय के बच्चों को एसपी अजय कुमार ने साइबर क्राइम को लेकर जागरूक भी किया।उन्होंने कहा कि ठंड के इस मौसम में जरूरतमंदों की मदद करना सामाजिक दायित्व है और पुलिस जनसेवा के भाव से सदैव तत्पर रहेगी।
