लखीसराय के एसपी अजय कुमार का तबादला, अब बीएसएपी-5 पटना में संभालेंगे नई जिम्मेदारी
गोपालगंज के अवधेश दीक्षित होंगे नए एसपी
शोषितो-वंचितो और कमजोर वर्ग के लोगों के लिए मसीहा थे एसपी अजय कुमार
लखीसराय(सरफराज आलम)जिले के पुलिस अधीक्षक अजय कुमार का तबादला कर दिया गया है। उन्हें बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-5 (बीएसएपी-5), पटना में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके स्थान पर गोपालगंज के एसपी अवधेश दीक्षित को जिले का नया एसपी बनाया गया है।
एसपी अजय कुमार अपने सरल, हंसमुख स्वभाव और कर्तव्य के प्रति निष्ठावान कार्यशैली के कारण जिले में न सिर्फ चर्चित रहे, बल्कि आम लोगों के बीच एक भरोसेमंद और लोकप्रिय पुलिस अधिकारी के रूप में पहचाने जाते थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने अपराध नियंत्रण के साथ-साथ पुलिस-पब्लिक फ्रेंडली व्यवस्था, समाजिक जागरूकता और अल्पसंख्यक समुदाय में लोगों के बीच भरोसे का माहौल बनाए रखा।
वे हर महीने सभी वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारियों और थानाध्यक्षों के साथ मासिक समीक्षा बैठक करते थे और हर सप्ताह थानों का निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखते थे। निरीक्षण के दौरान वे फरियादियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान कराते और बच्चों को साइबर क्राइम से बचाव, महिलाओं और लड़कियों को सशक्त बनाने और रानी लक्ष्मीबाई की तरह निडर बनने के लिए प्रेरित करते थे। इसके अलावा, उन्होंने गरीब और असहाय लोगों के बीच कंबल वितरण जैसे मानवीय कार्य भी किए।
हाल ही में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में उन्होंने जिले में भयमुक्त, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा, उन्होंने असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की और अपने निष्पक्ष रवैये के कारण अल्पसंख्यक समाज में भी काफी लोकप्रिय रहे।
उनके नेतृत्व में जिले में कई बड़े और चर्चित आपराधिक मामलों का सफल उद्भेदन हुआ। हाल में सामने आए गुंजा किन्नर के पति विनोद शाह हत्याकांड में भी उनकी सख्त मॉनिटरिंग और वैज्ञानिक जांच के चलते सच्चाई सामने आई।
अजय कुमार के स्थान पर जिले के नए एसपी अवधेश दीक्षित ने कमान संभाल ली है। अवधेश दीक्षित 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले हैं। वे अपने कड़क और सख्त रवैये के लिए जाने जाते हैं। माना जा रहा है कि उनकी कड़ी निगरानी और अनुशासनप्रिय कार्यशैली से जिले में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण में और मजबूती आएगी।
एसपी अजय कुमार के तबादले से जिले में चर्चा का माहौल है। आम लोग, सामाजिक संगठन और पुलिसकर्मी उन्हें एक ऐसे अधिकारी के रूप में याद कर रहे हैं, जिन्होंने सख्ती और संवेदनशीलता के साथ भयमुक्त चुनाव, अपराध नियंत्रण और समाजिक जिम्मेदारी के कार्य भी बखूबी निभाए।
