लखीसराय पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हलसी में बुजुर्ग से छिनतई का महज 24 घंटे में उद्भेदन, लूट की रकम बरामद
फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी अभियान जारी
लखीसराय(सरफराज आलम) जिले के हलसी थाना क्षेत्र में बुजुर्ग से हुई छिनतई की वारदात का लखीसराय पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने लूट की गई ₹90 हजार की राशि बरामद कर ली है, जबकि कांड में संलिप्त अभियुक्त की पहचान कर ली गई है। फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
बुजुर्ग से छिनतई का यह मामला हलसी थाने में दर्ज कराया गया था। पिपरा निवासी रामकांत सिंह ने थाने में दिए आवेदन में बताया कि 12 जनवरी को वे एसबीआई बैंक, हलसी से ₹90 हजार निकालकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाते हुए रुपये छीन लिए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा तकनीकी व मानवीय अनुसंधान शुरू किया गया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अभियुक्त की पहचान फर्ज यादव उर्फ मिलन यादव, पिता—नयाटोला, निवासी गुरियागंज वार्ड संख्या-01, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार के रूप में की गई।
अनुसंधान के क्रम में कोढ़ा थाना पुलिस के सहयोग से अभियुक्त के घर पर छापेमारी की गई, जहां से लूटी गई ₹90 हजार की राशि एक काले पॉलीथिन में बरामद की गई। बरामद राशि को विधिवत जब्त कर लिया गया है। हालांकि छापेमारी के दौरान अभियुक्त फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उस पर बिहार एवं झारखंड के विभिन्न थानों में लूट, चोरी समेत अन्य गंभीर मामलों में कई प्राथमिकी दर्ज हैं। अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
लखीसराय पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और फरार अभियुक्त को शीघ्र गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Its like you read my mind! You seem to know so much about this, like you wrote the book in it or something. I think that you could do with a few pics to drive the message home a bit, but other than that, this is magnificent blog. An excellent read. I’ll definitely be back.