लखीसराय:होली पर्व को शांतिपूर्वक एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर नगर थाना में शांति समिति की बैठक

लखीसराय(सरफराज आलम)होली पर्व को शांतिपूर्वक एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर रविवार को टाउन थाना परिसर में नवनियुक्त थानाध्यक्ष अशोक कुमार के नेतृत्व में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी होली के अवसर पर जिले में आपसी भाईचारा, एकता और कानून-व्यवस्था बनाए रखना था।बैठक में जिले के कई बुद्धिजीवी, समाजसेवी, पत्रकार, विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि तथा पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने पर्व को शांति और सौहार्द के साथ मनाने का संकल्प दोहराया।
इस दौरान नगर थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने कहा कि होली रंगों और खुशियों का पर्व है, जिसे आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी तरह की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि हुड़दंग, जबरन रंग लगाने, डीजे पर अश्लील गाने बजाने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
थानाध्यक्ष ने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बल की तैनाती भी की जाएगी।बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी घनश्याम मंडल ने सुझाव दिया कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष चौकसी बरती जाए तथा ऐसे क्षेत्रों में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को समय रहते रोका जा सके।बैठक में उपस्थित अन्य लोगों ने भी अपने-अपने सुझाव रखे और प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। प्रशासन ने सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.