लखीसराय (सरफराज आलम), 27 अप्रैल 2026 को जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने जिले में पदस्थापन के उपरांत भारत की आगामी जनगणना 2027 के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने जनगणना की प्रक्रिया, उसके महत्व और आम नागरिकों की सहभागिता पर विशेष जोर दिया।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि जनगणना का कार्य प्रारंभ हो चुका है। इसके प्रथम चरण में “स्वगणना” की प्रक्रिया चल रही है, जो 1 मई 2026 तक जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि स्वगणना के माध्यम से नागरिक स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, तेज और सुविधाजनक बनती है। इसके बाद 2 मई 2026 से डोर-टू-डोर अभियान के तहत गणनाकर्मी घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे।
उन्होंने बताया कि नागरिक जनगणना के लिए निर्धारित आधिकारिक वेबसाइट https://se.census.gov.in या मोबाइल एप के माध्यम से स्वगणना कर सकते हैं। पोर्टल पर पूछे गए कुल 33 प्रश्नों के सही उत्तर भरकर अपनी जानकारी दर्ज की जा सकती है। इसके लिए नाम, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी सहित आवश्यक विवरण देना होगा। इस प्रक्रिया को सरल और उपयोगकर्ता अनुकूल बनाया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें भाग ले सकें।
जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि उन्होंने स्वयं भी स्वगणना की प्रक्रिया पूरी की है, ताकि लोगों को प्रेरित किया जा सके। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जो विकास योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के वितरण और नीतियों के निर्धारण में अहम भूमिका निभाता है।
अंत में उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से अपील की कि वे स्वगणना में बढ़-चढ़कर भाग लें और डिजिटल माध्यम से अपनी गणना सुनिश्चित करें। साथ ही, जिन लोगों को किसी प्रकार की परेशानी हो, वे डोर-टू-डोर अभियान के दौरान गणनाकर्मियों को सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं।
Khabre Junction (खबरें जंक्शन) is an emerging channel of the country. Where we introduce .. every news of your state and city. You will also be able to enjoy breaking news, politics, sports and entertainment related to the public interest of the country and the world here.
