- रिपोर्ट: ललित शर्मा
अमृतसर। कपिल शर्मा शो में अपने हास्य किरदारों से दर्शकों को गुदगुदाने वाले मशहूर कॉमेडियन व अभिनेता कीकू शारदा अपने परिवार के साथ अमृतसर पहुंचे। अमृतसर पहुंचते ही उन्होंने अपने दौरे की शुरुआत प्रसिद्ध अमृतसरी कुलचों का स्वाद लेकर की और स्थानीय खाने की जमकर तारीफ की।
मीडिया से बातचीत में कीकू शारदा ने बताया कि वह करीब 13 सदस्यों के परिवार के साथ अमृतसर आए हैं और यहां की मेहमाननवाजी व स्वादिष्ट व्यंजन उन्हें बेहद पसंद हैं। उन्होंने कहा कि कुलचों का आनंद लेने के बाद वह सच्चखंड श्री हरिमंदर साहिब (गोल्डन टेंपल) में मत्था टेकने जाएंगे।
“बच्चा यादव” जैसे लोकप्रिय किरदार से घर-घर में पहचान बनाने वाले कीकू शारदा ने अपने आगामी प्रोजेक्ट्स को लेकर भी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि आज रात कौन बनेगा करोड़पति का फाइनल प्रसारित होगा, जिसमें वह महानायक अमिताभ बच्चन के साथ नजर आएंगे। इसके अलावा वह नेटफ्लिक्स के लिए एक नए कॉमेडी प्रोजेक्ट पर भी काम कर रहे हैं।
कीकू शारदा ने यह भी कहा कि इन प्रोजेक्ट्स के बाद वह एक बार फिर कपिल शर्मा के साथ दर्शकों का मनोरंजन करते नजर आएंगे।
khabre junction
