खुशखेड़ा स्थित H1 कंपनी ने सैकड़ों श्रमिकों को किया बेरोजगार, परिवारों पर मंडराया रोजी-रोटी का संकट

भिवाड़ी:– भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में स्थित H1 कंपनी ने अचानक सैकड़ों श्रमिकों को बेरोजगार कर दिया। पहली शिफ्ट के बाद जब दूसरी शिफ्ट के श्रमिक काम पर पहुंचे, तो कंपनी ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। इससे श्रमिकों और उनके परिवारों पर रोजी-रोटी का संकट गहरा गया है।

आज दोपहर से सैकड़ों श्रमिक कंपनी के बाहर धरने पर बैठे रहे और निर्णय की प्रतीक्षा करते रहे। जब कंपनी अधिकारियों से इसका कारण पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि कंपनी को किसी अन्य को विक्रय कर दिया गया है, जिसके चलते श्रमिकों को हटाया जा रहा है।

श्रमिकों के विरोध और कई घंटे तक चली बैठक के बावजूद, कंपनी ने उन्हें वापस काम पर लेने से मना कर दिया। श्रमिकों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि यदि उन्हें हटाया ही जा रहा है, तो कंपनी को उन्हें उचित भुगतान देकर हटाना चाहिए। कई श्रमिकों ने बताया कि वे 20-20 साल से इस कंपनी में कार्यरत थे, अब अचानक नौकरी छिन जाने से उनके सामने भविष्य अंधकारमय हो गया है।

हमारे संवाददाता ने जब कंपनी अधिकारियों से स्थिति पर स्पष्टीकरण देने का आग्रह किया, तो उन्होंने कोई जवाब देने से इनकार कर दिया। श्रमिकों ने सरकार और प्रशासन से इस मामले में दखल देने और न्याय दिलाने की मांग की है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.