लखीसराय(सरफराज आलम)जिले में खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के तहत धान अधिप्राप्ति की गति तेज करने एवं किसानों की समस्याओं के समाधान को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले का कोई भी किसान धान बिक्री से वंचित न रहे तथा अधिक से अधिक किसानों से धान की खरीद सुनिश्चित की जाए।
गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता
समीक्षा बैठक के दौरान डीएम ने जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम को एफआरके (फोर्टिफाइड राइस कर्नेल) प्राप्ति से संबंधित सभी आवश्यक विभागीय प्रक्रियाओं को ससमय पूर्ण करने का निर्देश दिया। वहीं राइस मिलरों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा गया कि आपूर्ति किए जाने वाले चावल की गुणवत्ता उच्च श्रेणी की होनी चाहिए। गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर संबंधित मिलर के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पैक्स अध्यक्षों को सख्त हिदायत
डीएम ने पैक्स एवं व्यापार मंडल के अध्यक्षों को विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही धान अधिप्राप्ति कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि खरीद प्रक्रिया के किसी भी स्तर पर गड़बड़ी अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध विधि-सम्मत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में वरीय उपसमाहर्ता-सह-नोडल पदाधिकारी (अधिप्राप्ति), जिला सहकारिता पदाधिकारी, दी मुंगेर-जमुई सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक के प्रबंध निदेशक, जिला प्रबंधक (राज्य खाद्य निगम), सभी प्रखंडों के सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, विभिन्न पैक्स एवं व्यापार मंडल के अध्यक्ष तथा राइस मिलर उपस्थित रहे।
