Kayastha Mahasammelan 2026: 20 दिसंबर को खारघर में जुटेंगे देश-विदेश के कायस्थ प्रतिनिधि, विराट महासम्मेलन की तैयारियां तेज
ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस के तत्वावधान में होगा आयोजन, पवन सक्सेना बोले- सामाजिक एकता, सांस्कृतिक विरासत और प्रतिभाओं को सम्मान देने का बनेगा बड़ा मंच
Kayastha Mahasammelan 2026 Navi Mumbai: नवी मुंबई के खारघर में आगामी 20 दिसंबर 2026 को विराट कायस्थ महासम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस (जीकेसी) की ओर से आयोजित इस महासम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों में रहने वाले कायस्थ समाज के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस के कला एवं संस्कृति प्रकोष्ठ के ग्लोबल महासचिव पवन सक्सेना ने कहा कि यह महासम्मेलन समाज की एकजुटता, सामूहिक शक्ति और सांस्कृतिक गौरव को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा। इसका उद्देश्य कायस्थ समाज को एक सूत्र में जोड़ना, समाज की प्रतिभाओं और उपलब्धियों को सम्मान देना तथा नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली विरासत से परिचित कराना है।
Rampur Census 2027: रामपुर में स्वगणना की धीमी रफ्तार पर डीएम सख्त, लापरवाह अधिकारियों का कटेगा वेतन
Kayastha Mahasammelan 2026: महासम्मेलन की तैयारियों के लिए गठित की गईं समितियां
पवन सक्सेना ने बताया कि महासम्मेलन को सफल और व्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया गया है।
इनमें कार्यक्रम प्रबंधन, स्वागत, भोजन, मंच प्रबंधन, आईटी, डिजिटल, ड्राफ्टिंग तथा कला एवं संस्कृति जैसी समितियां शामिल हैं। सभी समितियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं, ताकि आयोजन की तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जा सकें।
Kayastha Mahasammelan 2026: सामाजिक एकता, शिक्षा और रोजगार पर होगा मंथन
उन्होंने कहा कि कायस्थ समाज ने देश के सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक, प्रशासनिक और बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वर्तमान समय में जरूरत है कि इस गौरवशाली परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाए और समाज की सामूहिक शक्ति को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाया जाए।
महासम्मेलन में सामाजिक एकता, शिक्षा, रोजगार, महिला सशक्तीकरण, युवाओं की भागीदारी और समाज के समग्र विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। इसका उद्देश्य समाज के सामने मौजूद चुनौतियों पर विचार-विमर्श कर भविष्य की बेहतर कार्ययोजना तैयार करना है।
Kayastha Mahasammelan 2026: कला, साहित्य और सांस्कृतिक विरासत को मिलेगा विशेष महत्व
पवन सक्सेना ने कहा कि कला और संस्कृति किसी भी समाज की पहचान होती हैं। इनके माध्यम से पीढ़ियों तक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखा जा सकता है।
इसी उद्देश्य से महासम्मेलन में कायस्थ समाज की कला, साहित्य, संगीत, सांस्कृतिक परंपराओं और रचनात्मक प्रतिभाओं को विशेष महत्व दिया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों और संगठनों को एक मंच पर लाकर आपसी संवाद और सहयोग को बढ़ावा देगा।
Kayastha Mahasammelan 2026: देश-विदेश के कायस्थ परिवारों से शामिल होने की अपील
पवन सक्सेना ने देश-विदेश में रहने वाले कायस्थ परिवारों, सामाजिक संगठनों, युवाओं और प्रबुद्धजनों से 20 दिसंबर को खारघर पहुंचकर महासम्मेलन में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता से ही समाज की एकता मजबूत होगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए विकास एवं सांस्कृतिक गौरव का नया मार्ग प्रशस्त होगा।
