गाजियाबाद प्रशासन ने 28 मार्च को जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह को लेकर बड़ा फैसला लिया है। प्रशासन ने जिले के सभी स्कूलों में इस दिन कक्षाएं ऑनलाइन संचालित करने का आदेश जारी किया है।
जिलाधिकारी रविंदर कुमार मंदार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, उद्घाटन कार्यक्रम में लोगों को ले जाने के लिए गाजियाबाद से 800 बसों की व्यवस्था की जाएगी। इसी वजह से ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए स्कूलों को ऑनलाइन क्लास चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश में बताया गया है कि 28 मार्च 2026 को प्रधानमंत्री द्वारा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर का उद्घाटन किया जाएगा। इस दौरान सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने के लिए बड़े स्तर पर परिवहन व्यवस्था की जा रही है।
प्रशासन द्वारा जारी पत्र की प्रति ट्रैफिक पुलिस, परिवहन विभाग, शिक्षा विभाग और जिले के सभी स्कूल प्राचार्यों को भेज दी गई है। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी पी.के. सिंह के अनुसार, परिवहन विभाग स्कूलों से 800 बसों की व्यवस्था कर रहा है, हालांकि अंतिम संख्या में बदलाव संभव है। उन्होंने बताया कि एक बस के आने-जाने का खर्च करीब 12 हजार रुपये अनुमानित है, जबकि रोडवेज बसों का किराया अधिक होने के कारण उनका उपयोग नहीं किया गया।
इस फैसले को लेकर विपक्षी दलों ने आलोचना भी की है। कांग्रेस प्रवक्ता डॉली शर्मा ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस निर्णय से साफ है कि छात्रों की पढ़ाई से ज्यादा इवेंट मैनेजमेंट को प्राथमिकता दी जा रही है। वहीं समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष फैसल हुसैन ने भी इस पर सवाल उठाए हैं।
दूसरी ओर भाजपा का कहना है कि इन बसों का उपयोग पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए नहीं किया जाएगा और पार्टी ने अपने स्तर पर अलग से लगभग 500 बसों की व्यवस्था की है।
प्रशासन का कहना है कि यह निर्णय केवल ट्रैफिक प्रबंधन और कार्यक्रम के सुचारू संचालन को ध्यान में रखकर लिया गया है।
