ऐलनाबाद, 28 दिसंबर (एम.पी. भार्गव)। भारत विकास परिषद शाखा रानियां की ओर से सर्दी से बचाव के उद्देश्य से स्कूली छात्रों को जर्सियां वितरित की गईं। इस सेवा अभियान के तहत राजकीय प्राथमिक विद्यालय कुस्सर के 40 छात्रों को जर्सियां प्रदान की गईं, वहीं आरोही सीनियर सेकेंडरी स्कूल मेहमदपुरिया के 12 जरूरतमंद विद्यार्थियों को भी जर्सियां दी गईं।
आरोही सीनियर सेकेंडरी स्कूल की प्रधानाचार्य पूजा अरोड़ा एवं अध्यापक सोहन लाल ने भारत विकास परिषद के इस सराहनीय प्रयास के लिए परिषद के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। वहीं राजकीय प्राथमिक विद्यालय कुस्सर के प्रधानाचार्य जगदीश कुमार सहित शिक्षक राम कुमार, मोहन लाल एवं इंद्रजीत ने भी सर्दी के मौसम में विद्यार्थियों को जर्सियां उपहार स्वरूप देने पर संतोष जताया और इस पुनीत कार्य की प्रशंसा की।
इस अवसर पर भारत विकास परिषद शाखा रानियां के अध्यक्ष आसानंद कालड़ा, पूर्व अध्यक्ष जोगिंद्र मेहता, पवन सिंगला, नरेंद्र चुघ सहित परिषद के अनेक सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
परिषद के अध्यक्ष आसानंद कालड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी कुछ ही दिनों में क्षेत्र के 3 से 4 अन्य विद्यालयों में भी छात्रों को जर्सियां वितरित की जाएंगी, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद विद्यार्थियों को सर्दी से राहत मिल सके।
