लखीसराय में बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर जीविका दीदियों ने मतदाता जागरूकता अभियान चलाया

  • रिपोर्ट: सरफराज आलम  

लखीसराय। डीह पिपरा और बसौना में विशेष बैठक कर दीदियों ने शत-प्रतिशत मतदान का संकल्प लिया। जिला परियोजना प्रबंधक अनीता कुमारी ने मतदान को लोकपर्व बताते हुए सभी से भागीदारी की अपील की। जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक, मेंहदी व रंगोली जैसी गतिविधियों से ग्रामीणों को मतदान के लिए प्रेरित किया गया।

बिहार विधानसभा निर्वाचन 2025 के निमित्त मतदाता जागरूकता कार्यक्रम अंतर्गत जीविका दीदियों द्वारा अपने सामुदायिक संगठनों के माध्यम से शत प्रतिशत मतदान के लिए मतदाताओं को जागरूक करने की प्रक्रिया में व्यापक स्तर पर सामुदायिक संगठनों की विशेष बैठक आयोजित की गई और उन क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया जहां मतदाता वोट देने के प्रति उदासीन हैं या फिर पिछले चुनाव में मतदान प्रतिशत अपेक्षाकृत कम रहा है ।

इसी क्रम में वोट के प्रति उदासीन विधानसभा क्षेत्र 167 पिपरिया प्रखंड स्थित डीह पिपरा और बसौना में गंगा एवं जीवन ज्योति जीविका महिला ग्राम संगठन की विशेष बैठक आयोजित की गई ।अनीता कुमारी, जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका ने उपस्थित जीविका दीदियों से अपने -अपने घर के मतदाताओं के साथ मतदान करने की अपील की । इस अवसर पर 2 सौ से अधिक जीविका दीदियों ने मतदान के लिए शपथ लिया । इसी तरह अन्य प्रखंडों में भी ग्राम संगठन की विशेष बैठक आयोजित की गई जिसमें जीविका दीदियों के साथ ही जीविका कर्मियों ने भी लोकपर्व के प्रति अपनी जिम्मेवारी दिखाई ।
बैठक के बाद घर लौटने के दौरान जीविका दीदियों ने रास्ते में आने वाले हर घर के मतदाताओं को 6 नवंबर को मतदान करने के लिए प्रेरित किया।

जीविका द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान के तहत कई प्रकार की गतिविधियां प्रतिदिन आयोजित की जा रही है।

बुधवार की जीविका दीदियों के द्वारा आयोजित प्रमुख गतिविधियों में नुक्कड़ नाटक, मेंहदी एवं रंगोली निर्माण, जागरूकता रैली, संकल्प सभा एवं विशेष बैठक रहा । इनका आयोजन एक सौ से अधिक जीविका महिला ग्राम संगठनों द्वारा सभी प्रखंडों के विभिन्न पंचायतों एवं गांवों में किया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.