ग्लोबल इंस्टिट्यूट ऑफ़ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज़ में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय नर्सिंग दिवस
नर्सिंग पेशे की सेवा भावना और योगदान को किया गया सम्मानित
पटना: ग्लोबल इंस्टिट्यूट ऑफ़ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज़, पटना में अंतर्राष्ट्रीय नर्सिंग दिवस के अवसर पर एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में समाजसेवा और स्वास्थ्य क्षेत्र में नर्सिंग पेशे की अहम भूमिका को रेखांकित किया गया।
मेदांता अस्पताल के निदेशक रहे मुख्य अतिथि
समारोह के मुख्य अतिथि मेदांता अस्पताल, पटना के रेडियोलॉजी विभाग के निदेशक डॉ. रंजन कुमार थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के निदेशक सौरभ शर्मा और श्रुति मेहरोत्रा ने की।
जनप्रतिनिधियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों में कृष्णमोहन पासवान (मुखिया, नरही पीरही पंचायत), मुमताज़ अंसारी, सर्वेश यादव (जिला पार्षद, दुल्हिनबाजार प्रखंड) तथा अखिलेश्वर प्रसाद यादव (पैक्स अध्यक्ष, नरही पीरही पंचायत) भी मौजूद रहे।
छात्रों की प्रस्तुतियों ने समां बांधा
संस्थान के छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों और लघु नाटकों के माध्यम से नर्सों की सेवा भावना, संघर्ष और समाज में उनके अमूल्य योगदान को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के माध्यम से नर्सों के अथक परिश्रम और समर्पण को सम्मानित किया गया।
संस्थान का समाज के प्रति संकल्प
कार्यक्रम के अंत में निदेशक मंडल ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले समय में संस्थान और अधिक समर्पित और दक्ष स्वास्थ्यकर्मियों को समाज को उपलब्ध कराने का संकल्प लेता है।
