बदायूं। भारत को टीबी मुक्त बनाने के माननीय प्रधानमंत्री के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से प्रत्येक माह की 15 तारीख को एकीकृत नि:क्षय दिवस मनाया जाता है। इस माह 15 फरवरी को अवकाश होने के कारण यह दिवस 16 फरवरी 2026 को मनाया जाएगा।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. विनेश कुमार ने बताया कि एकीकृत नि:क्षय दिवस का उद्देश्य टीबी मरीजों की शीघ्र पहचान, गुणवत्तापूर्ण उपचार तथा उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है। इस बार कार्यक्रम में टीबी के साथ-साथ फाइलेरिया, कुष्ठ और कालाजार के संभावित मरीजों की भी स्क्रीनिंग कर उन्हें चिन्हित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आशा कार्यकर्ता पूर्व में गृह भ्रमण कर समुदाय को टीबी एवं अन्य बीमारियों के लक्षणों तथा नि:क्षय दिवस के आयोजन के संबंध में जागरूक करेंगी। लक्षण वाले मरीजों को स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाया जाएगा, जहां बलगम की जांच के बाद टीबी की पुष्टि होने पर तत्काल उपचार प्रारंभ किया जाएगा। साथ ही मरीज की निक्षय आईडी बनाकर विवरण निक्षय पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा।
सीएचओ द्वारा मरीजों की एचआईवी, डायबिटीज एवं अन्य आवश्यक जांचें भी कराई जाएंगी। जिला क्षय रोग अधिकारी एवं जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि फाइलेरिया और कुष्ठ के लक्षण वाले मरीजों को भी आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से स्वास्थ्य केंद्र लाकर उनका समुचित उपचार शुरू कराया जाएगा।
टीबी के प्रमुख लक्षण:
दो सप्ताह या अधिक समय से लगातार खांसी
दो सप्ताह या अधिक समय से बुखार
वजन में कमी और भूख न लगना
बलगम में खून आना
कुष्ठ रोग के लक्षण:
शरीर पर सुन्न दाग
हाथ, पैर या आंखों में कमजोरी या विकृति
बिना दर्द के घाव
चेहरे, शरीर या कान पर गांठ, छाले या घाव
फाइलेरिया के लक्षण:
पुरुषों के अंडकोष या महिलाओं के स्तन के आकार में परिवर्तन
ठंड लगकर तेज बुखार
हाथ-पैर में सूजन और तेज दर्द
कार्यक्रम की मॉनिटरिंग एवं सुपरविजन हेतु मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा प्रत्येक सीएचसी/पीएचसी पर एसीएमओ/डिप्टी सीएमओ की ड्यूटी लगाई गई है। संबंधित अधिकारी शाम को मुख्य चिकित्सा अधिकारी को फीडबैक देंगे, जिसके बाद ई-कवच के माध्यम से शासन को रिपोर्ट प्रेषित की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि उपरोक्त लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क कर जांच कराएं, ताकि समय रहते उपचार शुरू किया जा सके।
— जिला क्षय रोग अधिकारी, बदायूं
khabre junction
