पीएम मोदी की मां का अपमान, नहीं सहेगा हिंदुस्तान, सोनिया, राहुल, प्रियंका देश की महिलाओं से माफी मांगो
बदायूं। बिहार के दरभंगा जिले में राहुल गांधी के मंच से कांग्रेस नेता मोहम्मद रिजवी उर्फ राजा द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत माता जी के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किए जाने के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा बदायूं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान महिला मोर्चा ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव के कैम्प कार्यालय/आवास नेकपुर पर धरना देते हुए राहुल गांधी का पुतला दहन किया।
पूर्व चेयरमैन दीपमाला गोयल ने कड़े शब्दों में कहा कि “राहुल गांधी के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को गाली देना न सिर्फ प्रधानमंत्री का, बल्कि पूरे भारत की महिलाओं का अपमान है। कांग्रेस को चेतावनी है कि देश की हर महिला इसका मुंहतोड़ जवाब देने को तैयार है।”
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य महिला मोर्चा सीमा राठौर ने कहा कि कांग्रेस की तथाकथित वोट अधिकार यात्रा में प्रयुक्त अभद्र भाषा बिहार और भारत की संस्कृति का हिस्सा नहीं है। उन्होंने कहा, “न तो बिहार इसे बर्दाश्त करेगा, न ही हिंदुस्तान। सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को देश की महिलाओं से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी होगी।”
इस मौके पर जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा अमिता उपाध्याय, सविता शर्मा, ममता वर्मा, जया साहू, रचना शंखधार, पूनम शर्मा, बाला, ममता श्रीवास्तव, तारावती मौर्य, सरोज, कलावती, प्रेमलता, नीतू मिश्रा, छाया शर्मा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
