ग़ुस्ताख़ी माफ़ हरियाणा: पवन कुमार बंसल
गुरुग्राम: हरियाणा के पर्यावरण, वन एवं वन्य जीव मंत्री राव नरबीर सिंह, केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव, और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने गुरुग्राम में अरावली पर्वत श्रृंखला में प्रस्तावित जंगल सफारी परियोजना के लिए साइट का दौरा किया। इस परियोजना का उद्देश्य इको-टूरिज्म को बढ़ावा देना, जैव विविधता का संरक्षण करना और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित करना है। यह परियोजना गुरुग्राम के विकास में एक नया आयाम जोड़ेगी।
परियोजना के पहले चरण में गांव सकतपुर, गैरतपुरबास, सिकोहपुर और नोरंगपुर में 2500 एकड़ क्षेत्र में जंगल सफारी विकसित की जाएगी। राव नरबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना पर तेजी से काम शुरू किया जाए ताकि इसे जल्द से जल्द धरातल पर लाया जा सके। उन्होंने सऊदी अरब की हरित पट्टियों से प्रेरणा लेते हुए अरावली ग्रीन वॉल प्रोजेक्ट को भी लागू करने की बात कही, जिसका उद्देश्य वनों की स्वदेशी प्रजातियों के साथ वनरोपण, मृदा स्वास्थ्य सुधार और भूजल पुनर्भरण है।
हालांकि, इस दौरे को लेकर पवन कुमार बंसल ने तीखी आलोचना की है। उन्होंने केंद्रीय मंत्रियों मनोहर लाल, भूपेंद्र यादव और हरियाणा मंत्री राव नरबीर सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि ये नेता अपनी जिम्मेदारियों से भाग रहे हैं। बंसल ने दावा किया कि हाल ही में दमछला में बाढ़ के कारण मारे गए नौ लोगों के परिजनों से मिलने का इनके पास समय नहीं है, लेकिन जंगल सफारी जैसे “मौज-मस्ती” के कार्यों के लिए पूरा समय है। उन्होंने इन नेताओं को “अवल दर्जे के बेशर्म” और “मोटी चमड़ी” वाले करार दिया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जंगल सफारी परियोजना का लक्ष्य न केवल पर्यावरण संरक्षण है, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और इको-टूरिज्म के माध्यम से आर्थिक विकास भी है। परियोजना का शिलान्यास जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए जाने की संभावना है।
