इनेलो ने 27 नए हलका अध्यक्षों की नियुक्ति के साथ किया संगठन विस्तार, पहलगाम हमले में मृतकों को दी श्रद्धांजलि
प्रेस वार्ता की शुरुआत दो मिनट के मौन से
- रिपोर्ट: एम पी भार्गव
ऐलनाबाद: चंडीगढ़ स्थित इनेलो मुख्यालय में आज इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा की अध्यक्षता में एक अहम प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। बैठक की शुरुआत पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए निर्दोष नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट के मौन से की गई। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता आर.एस. चौधरी, प्रकाश भारती, अदित्य देवीलाल, डॉ. सतबीर सैनी और नछत्तर सिंह मलहान के साथ अंबाला जोन के सभी नए नियुक्त जिला अध्यक्ष उपस्थित रहे।
पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा
रामपाल माजरा ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले को देश की सुरक्षा व्यवस्था पर सीधा हमला बताया। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 हटने के बाद शांति का दावा किया गया था, लेकिन हालिया घटनाएं इन दावों को झूठा साबित कर रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब एजेंसियों ने हमले की आशंका जताई थी, तो सुरक्षा इंतजाम क्यों नहीं किए गए? उन्होंने इस नृशंस हमले की कड़े शब्दों में निंदा की।
किसानों की फसल बर्बादी और मंडी की दुर्दशा पर सरकार को घेरा
बारिश, तूफान और आग से फसल नष्ट होने के मुद्दे पर माजरा ने कहा कि लाखों एकड़ फसल बर्बाद हो चुकी है, लेकिन सरकार मुआवजे को लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रति एकड़ 61,000 रुपये का मुआवजा दिया जाए, जैसा कि प्रधानमंत्री की यमुनानगर रैली के लिए ली गई जमीन के बदले दिया गया था। मंडियों में गेंहू की खरीदी प्रक्रिया अव्यवस्थित है, मीटर नहीं हैं, घोटाले हो रहे हैं और किसानों का शोषण किया जा रहा है।
एचकेआरएन कर्मचारियों की सेवा समाप्ति पर नाराजगी
माजरा ने एचकेआरएन कर्मचारियों को नौकरी से निकाले जाने पर सरकार को घेरा और कहा कि यह उनके भविष्य के साथ धोखा है। उन्होंने बीजेपी पर आरोप लगाया कि उसने केवल अपने चहेतों को नौकरियों में सेट किया और अब अनुबंधित कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखा रही है।
पंचायतों के अधिकारों के हनन पर उठाए सवाल
पंचायत दिवस को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने सरपंचों के अधिकार छीने हैं, और उनके साथ लाठीचार्ज जैसी घटनाएं हुई हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री चौ. ओमप्रकाश चौटाला के कार्यकाल की चर्चा करते हुए कहा कि उस समय “सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम के माध्यम से गांवों के विकास को प्राथमिकता दी जाती थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने केवल नरेगा और सौंदर्यीकरण के नाम पर दिखावा किया है।
27 हलकों में नए अध्यक्षों की नियुक्ति
इनेलो ने अपने संगठन का विस्तार करते हुए हरियाणा के 27 हलकों में नए हलका अध्यक्ष नियुक्त किए हैं। नियुक्त लोगों में प्रमुख नाम इस प्रकार हैं:
कालका – विकास कुमार
पंचकूला – गुरदेव अलीपुर
इसराना – राजेंद्र जागलान
समालखा – राजेश झटीपुर
पानीपत – शमशेर सिंह देशवाल
पानीपत शहर – अंकित गाबा
अंबाला शहर – चरणजीत मौड़ी
अंबाला कैंट – अंकुर शर्मा
मुलाना – जगबीर राणा
नारायणगढ़ – विकास लक्की
कैथल – महावीर पट्टी अफगान
कलायत – रोहित कुंडू
पुण्डरी – सुरजीत पबनावा
गुहला – बलकार सिंह उर्फ बल्लू एमसी
लाडवा – राजेंद्र कश्यप दूधला
शाहबाद – सूबे सिंह
पेहवा – तीजेंद्र सिंह
थानेसर – कृष्ण बूरा
करनाल – सुमेर सिंह कछवा
असंध – मेहर सिंह जुंडला
निलोखेड़ी – स. भगवंत संधू
घरोंडा – मनिन्द्र राणा
इंद्री – भरत सिंह मढान
यमुनानगर – माणिक सिंगला
रादौर – सर्वप्रिय जठलाना
जगाधरी – गुरदयाल सिंह
सढौरा – सुरेश कन्हड़ी
इनेलो द्वारा आज की प्रेस वार्ता में आतंकी हमले पर तीव्र प्रतिक्रिया, किसानों के हक की लड़ाई, और सरकारी कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा जैसे कई मुद्दों पर स्पष्ट रुख दिखाया गया। इसके साथ ही पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में 27 नए अध्यक्षों की नियुक्ति कर आगामी चुनावी तैयारियों की झलक भी दी गई।
