लखीसराय में एकल खिड़की केंद्र का उद्घाटन,डीएम मिथिलेश मिश्र ने की चुनावी तैयारियों की समीक्षा,पारदर्शिता पर जोर

  • रिपोर्ट; सरफराज आलम 

लखीसराय। बिहार विधानसभा चुनाव- 2025 को लेकर प्रशासनिक तैयारियाँ तेज़ी से चल रही हैं। इसी क्रम में शनिवार को अनुमंडल परिसर लखीसराय में 167-सूर्यगढ़ा एवं 168-लखीसराय विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत एकल खिड़की केंद्र का उद्घाटन जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र के द्वारा किया गया।

उद्घाटन के पश्चात जिला पदाधिकारी ने एकल खिड़की केंद्र का निरीक्षण कर निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने नामांकन प्रक्रिया, आवश्यक अभिलेखों के संधारण, सुरक्षा व्यवस्था एवं कर्मियों की उपस्थिति की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि नामांकन प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न हो। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि मतदाताओं एवं अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता राहुल कुमार, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी पिंटू कुमार, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनावी प्रक्रिया के दौरान पारदर्शिता और सुचारु व्यवस्था उसकी प्राथमिकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.