आगामी PET परीक्षा के दृष्टिगत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा संयुक्त रूप से परीक्षा केंद्रों का किया गया निरीक्षण
रामपुर। जनपद रामपुर में 6 व 7 सितम्बर 2025 को आयोजित होने वाली प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (PET) को सकुशल, पारदर्शी एवं नकलविहीन ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय है। इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी जोगेन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्रों पर उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं जैसे बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, फर्स्ट एड, सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा इंतज़ाम का बारीकी से जायजा लिया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक भी मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि परीक्षा दिवस पर सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के लिए विशेष निगरानी तंत्र सक्रिय किया जाएगा। वहीं जिलाधिकारी ने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर सुगम और सुरक्षित वातावरण मिले।
यह उल्लेखनीय है कि PET परीक्षा के अंतर्गत रामपुर जिले में 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 21,696 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने जनता से अपील की है कि परीक्षा दिवस पर शांति बनाए रखें और परीक्षार्थियों को हर संभव सहयोग दें ताकि परीक्षा शांतिपूर्वक एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न कराई जा सके।
