मुख्यमंत्री की उपस्थिति में उ.प्र. सरकार एवं ऑस्ट्रेलिया की मोनाश यूनिवर्सिटी के मध्य एमओयू पर हस्ताक्षर
शिक्षा को ‘राज्य के समग्र विकास की धुरी’ मानती है उत्तर प्रदेश सरकार : मुख्यमंत्री योगी
लखनऊ, 29 मई को उत्तर प्रदेश की शिक्षा प्रणाली को वैश्विक उत्कृष्टता से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में उनके सरकारी आवास पर उत्तर प्रदेश सरकार और ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित मोनाश यूनिवर्सिटी के बीच एक महत्त्वपूर्ण एमओयू (सहयोग समझौते) पर हस्ताक्षर किए गए।
यह एमओयू प्रदेश के बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए शोध, प्रशिक्षण और तकनीकी सहयोग के माध्यम से शिक्षा की गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा को केवल डिग्री प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि राज्य के समग्र विकास की धुरी मानती है। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी गुणवत्ता, नवाचार और वैश्विक दृष्टिकोण को उत्तर प्रदेश के शिक्षा तंत्र में शामिल करेगी और युवाओं को विश्वस्तरीय प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करेगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह समझौता नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की भावना के अनुरूप है, जो बहुआयामी अधिगम, कौशल विकास और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देता है। उन्होंने वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी के साथ पूर्व सहभागिता का उल्लेख करते हुए कहा कि मोनाश यूनिवर्सिटी के साथ यह गठबंधन शिक्षा के वैश्विक मानकों की ओर एक और बड़ा कदम है।
इस सहयोग का क्रियान्वयन केंद्र गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय होगा। मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय के कुलपति को इस उत्तरदायित्व को प्रभावी रूप से निभाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा का उल्लेख करते हुए वैदिक मंत्र “आ नो भद्राः क्रतवो यन्तु विश्वतः” को उद्धृत किया और कहा कि यह एमओयू उसी भावना की आधुनिक अभिव्यक्ति है।
मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने बताया कि यह सहयोग प्रदेश के विद्यार्थियों व शिक्षकों को अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक मंचों से जोड़ने का मार्ग प्रशस्त करेगा।
मोनाश यूनिवर्सिटी के उप कुलपति, जो हिन्दी भाषा में भी दक्ष हैं और बिजनौर प्रवास के दौरान उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक समझ विकसित कर चुके हैं, ने कहा कि यह समझौता भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बौद्धिक और सांस्कृतिक सहयोग का नया अध्याय बनेगा।
प्रो. मनीषा प्रियम, जो इस समझौते को मूर्त रूप देने में प्रमुख भूमिका निभा रही हैं, ने कहा कि मोनाश यूनिवर्सिटी हर वर्ष 30,000 शिक्षकों को प्रशिक्षण देती है और अब यह अवसर उत्तर प्रदेश के शिक्षकों को भी मिलेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ऑस्ट्रेलियाई प्रतिनिधिमंडल को ‘एक जिला-एक उत्पाद’ योजना के अंतर्गत बने विशिष्ट उपहार भेंट किए, जो राज्य की सांस्कृतिक विविधता और उद्यमशीलता के प्रतीक हैं।
उपस्थित प्रमुख गणमान्य व्यक्तियों में उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय, बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह, माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री गुलाब देवी, उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी, मोनाश यूनिवर्सिटी व ऑस्ट्रेलियाई उच्चायोग के वरिष्ठ अधिकारीगण तथा गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह प्रमुख रूप से शामिल रहे।
