उद्घाटन मैच में लखीसराय ने नवादा को 23 अंक से हराया
सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ तीन दिवसीय राज्य सीनियर पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य आगाज
लखीसराय (सरफराज आलम)। शहर के नया बाजार स्थित केआरके मैदान में बुधवार को तीन दिवसीय 51वीं बिहार राज्य सीनियर पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन मैच में मेजबान लखीसराय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नवादा को 23 अंकों के अंतर से पराजित कर जीत के साथ प्रतियोगिता की शुरुआत की। मुकाबले में लखीसराय ने 48 जबकि नवादा ने 25 अंक अर्जित किए।
अन्य मुकाबलों में कटिहार ने बक्सर को 44–43, सहरसा ने मुंगेर को 36–25, भोजपुरी ने सीतामढ़ी को 40–15, पटना ने वैशाली को 58–15, बेगूसराय ने रोहतास को 38–21, मधेपुरा ने पूर्वी चंपारण को 38–31 तथा गया जी ने सारण को 39–25 अंकों से पराजित कर अपना-अपना पहला लीग मैच जीत लिया।
प्रतियोगिता में कुल 16 जिलों की टीमों ने भाग लिया है, जिन्हें चार ग्रुप में विभाजित किया गया है। प्रत्येक ग्रुप में चार-चार टीमें शामिल हैं। पहले दिन सभी 16 टीमों ने एक-एक मुकाबला खेला। प्रशिक्षक राजकुमार साहनी एवं शंभू कुमार ने बताया कि पूल ‘ए’ में पटना, वाराणसी, मुंगेर व सहरसा, पूल ‘बी’ में बेगूसराय, रोहतास, मधेपुरा व पूर्वी चंपारण, पूल ‘सी’ में बक्सर, कटिहार, सारण व गया जी तथा पूल ‘डी’ में लखीसराय, नवादा, भोजपुरी वी व सीतामढ़ी की टीमें शामिल हैं। निर्णायक की भूमिका में सीतामढ़ी के पंकज कुमार एवं बेगूसराय के पाना लाल रहे।
तीन दिवसीय 51वीं बिहार राज्य सीनियर पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता का उद्घाटन स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ किया गया। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र, डीडीसी सुमित कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, नगर सभापति व आयोजन समिति के मुख्य सदस्य अरविंद पासवान, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रवीण सिन्हा, डॉ. कुमार अमित सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित एवं फीता काटकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। वहीं, प्रतियोगिता के लिए बनाए गए दो कोर्टों में से एक का उद्घाटन डीएम ने तथा दूसरे कोर्ट का उद्घाटन डीडीसी ने नारियल फोड़कर किया।
khabre junction
