रामपुर।उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल रामपुर के पदाधिकारी और व्यापारी साथी तिलक नगर कॉलोनी स्थित कार्यालय से एकत्र होकर कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने नगर मजिस्ट्रेट शालिक राम को मंडी में आ रही विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप अग्रवाल सोनी ने कहा कि मंडी समिति में अनेक गंभीर समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं, जिनका शीघ्र समाधान आवश्यक है। उन्होंने बताया कि—
धान क्रय केंद्र को सब्जी मंडी चबूतरे से हटाकर अनाज मंडी के नीलामी चबूतरे पर ही स्थापित किया जाए।
चुनावी प्रक्रिया से संबंधित मतदान पेटियां और मतगणना कार्य वर्तमान में नवीन मंडी स्थल डूंगरपुर में होता है, इसे हटाकर नुमाइश ग्राउंड में स्थानांतरित किया जाए।
मंडी के हेड पंपों की मरम्मत अब तक नहीं हुई, जिससे दूषित और कीड़ों से भरा पानी निकल रहा है।
रात्रि में प्रकाश व्यवस्था अत्यंत खराब है, जिससे चोरियों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
मंडी समिति अधिकारियों का व्यवहार व्यापारी हितों के विपरीत है, जिसे तुरंत सुधारा जाना चाहिए।
मंडी का निकासी गेट बार-बार अनुरोध के बावजूद भी नहीं खोला जा रहा है, जिससे व्यापारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
संदीप अग्रवाल ने प्रशासन से आग्रह किया कि व्यापारियों की समस्याओं पर तुरंत संज्ञान लेकर कार्यवाही की जाए, ताकि मंडी का सुचारु संचालन सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर—
प्रदेश मंत्री पप्पू खान,
नगर अध्यक्ष महफूज हुसैन,
बाबू खान टायर वाले,
नजाकत अली,
परवेज अली,
मोहम्मद रफी,
शाहिद खान
सहित सैकड़ों व्यापारी उपस्थित रहे।
व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन जल्द ही इन समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाएगा।
