रामपुर में मां ने बेटों और बहुओं पर लगाए गंभीर आरोप, कहा- ‘मुझे जान का खतरा है’, SP ऑफिस पहुंचकर लगाई गुहार
रामपुर। जनपद रामपुर में एक वृद्ध मां ने अपने ही दो बेटों और बहुओं पर जान से मारने की धमकी देने, मारपीट करने और खाना तक न देने जैसे गंभीर आरोप लगाकर सनसनी फैला दी। पीड़िता रशीदा, निवासी थाना सिविल लाइन क्षेत्र, मंगलवार को पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र के कार्यालय पहुंची और न्याय की गुहार लगाई।
रशीदा ने अपनी शिकायत में बताया कि उसके दो बेटे और उनकी पत्नियां उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। उनका कहना है कि “बेटे मेरे आगे से रोटी छीन लेते हैं, कहते हैं तू मर जाएगी तो तुझे कंधा भी नहीं देंगे।” महिला ने रोते हुए बताया कि वह हृदय रोग से पीड़ित है और इलाज चल रहा है, लेकिन इसके बावजूद उसे कोई देखभाल या दवा तक नहीं दी जाती।
संपत्ति विवाद बना झगड़े की जड़
पीड़िता ने यह भी बताया कि घर में चल रहा विवाद संपत्ति के बंटवारे को लेकर है, जो इस समय न्यायालय में विचाराधीन है। इसी वजह से बेटे और बहुएं उसे तंग कर रहे हैं और घर से निकालने की कोशिश कर रहे हैं।
SP से मांगी मदद
महिला ने पुलिस अधीक्षक रामपुर विद्यासागर मिश्र को एक लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि उन्हें अपने ही घर में जान का खतरा है और वह असहाय होकर न्याय की आस में पुलिस के पास पहुंची हैं।
पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब देखना होगा कि पीड़ित मां को न्याय कब और कैसे मिलता है।
