- रिपोर्ट: जितेंद्र कुमार
गाजियाबाद :- मोदीनगर 25 दिसंबर 2025,बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रहे कथित अत्याचारों और हालिया घटनाओं के विरोध में बुधवार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मोदीनगर में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “बांग्लादेश में हिंदू अत्याचार बंद करो”, “हिंदू भाइयों की रक्षा करो” और “इस्लामिक कट्टरवाद मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाए। बजरंग दल के स्थानीय पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में लगातार हिंदुओं को निशाना बनाया जा रहा है, उनके घरों और मंदिरों पर हमले हो रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक है।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि हाल ही में दीपू चंद्र दास सहित कई घटनाएं मानवता को शर्मसार करने वाली हैं। उन्होंने भारत सरकार से मांग की कि वह बांग्लादेश सरकार पर कूटनीतिक दबाव बनाए और वहां रह रहे हिंदू अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित कराए।
प्रदर्शन के दौरान मौके पर पुलिस बल मौजूद रहा और स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण बनी रही।
