मोदीनगर में दिनदहाड़े शिक्षिका के घर से लाखों की चोरी, नकदी व जेवरात लेकर फरार हुए चोर

  • रिपोर्ट: जीतेन्द्र कुमार

मोदीनगर की डबलस्टोरी कॉलोनी में दिनदहाड़े एक शिक्षिका के घर से लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी होने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बदमाशों ने सुनसान घर को निशाना बनाते हुए बड़ी आसानी से इस चोरी को अंजाम दिया। पीड़िता की शिकायत पर मोदीनगर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द खुलासे का आश्वासन दिया है।

जानकारी के अनुसार, डबलस्टोरी कॉलोनी निवासी पूजा शर्मा एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं और अपनी बेटी मुस्कान शर्मा के साथ रहती हैं। पूजा शर्मा के बेटे शुभम शर्मा की शादी करीब एक माह पूर्व हुई थी, जिसके बाद वह अपनी पत्नी के साथ कनाडा चले गए। बेटे के विदेश चले जाने के बाद घर में केवल मां-बेटी ही रह रही थीं।

मंगलवार सुबह पूजा शर्मा और उनकी बेटी मुस्कान रोज़ की तरह अपनी-अपनी ड्यूटी पर चली गईं। दोपहर करीब तीन बजे जब पूजा शर्मा घर लौटीं और दरवाजा खोलकर अंदर पहुंचीं, तो उनके होश उड़ गए। घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और बिस्तर के कपड़े भी बाहर फेंके हुए थे।

पीड़िता के अनुसार, चोरों ने मकान में लगे तालों की चाबियां पहले से बनवा रखी थीं। वे बिना किसी तोड़फोड़ के ताला खोलकर घर में दाखिल हुए और करीब दो लाख रुपये नकद, लगभग बीस तोला सोना, चांदी के जेवरात तथा अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए।

घटना की सूचना मिलने पर मोदीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों का पता लगाकर घटना का खुलासा किया जाएगा।

 

khabre j

Leave A Reply

Your email address will not be published.