मिर्जापुर में भोलेनाथ मंदिर की जमीन पर कब्जे का आरोप, राजस्व विभाग ने शुरू की जांच

  • रिपोर्ट:रवि यादव

मिर्जापुर। जिले के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बेलखारिया के पूरा गांव में भगवान भोलेनाथ के मंदिर की भूमि पर कब्जे का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक हिंदू परिवार ने मंदिर से जुड़ी लगभग पांच बीघा जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया है। मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने राजस्व विभाग में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

शिकायत के अनुसार मंदिर की यह जमीन वर्षों से धार्मिक उपयोग में रही है, लेकिन हाल के दिनों में उस पर निजी कब्जा कर लिया गया। शिकायत मिलने के बाद राजस्व विभाग की टीम द्वारा अभिलेखों की जांच की जा रही है और मौके पर निरीक्षण की तैयारी की जा रही है।

इस बीच योगी सरकार ने प्रदेश में भूमि कब्जे के मामलों को गंभीरता से लेते हुए सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि फरियादियों की शिकायतें जनपद स्तर पर हर हाल में सुनी जाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा है कि धार्मिक स्थलों की जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल इस मामले में बजरंग दल या विश्व हिंदू परिषद की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

khabre junction

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.