हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में हाकी एस्ट्रोटरफ मैदान का उद्घाटन और स्वीमिंग पूल परियोजना का शिलान्यास किया
कुरुक्षेत्र, 22 जनवरी (एम पी भार्गव) – हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के खेल प्रांगण में खेलों इंडिया योजना के तहत बनाए गए हाकी एस्ट्रोटरफ खेल मैदान का उद्घाटन किया। इस हाकी मैदान के निर्माण के लिए सरकार ने लगभग 5.50 करोड़ रुपए का बजट प्रदान किया है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर विश्वविद्यालय में बनने वाले आल वेदर स्वीमिंग पूल परियोजना का भी शिलान्यास किया, जिसकी अनुमानित लागत लगभग 8 करोड़ रुपए है। इस परियोजना से छात्रों और खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त प्रशिक्षण की सुविधा मिलेगी।
इस दौरान हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम भी मौजूद रहे और उन्होंने खेलों के विकास और छात्रों के लिए आधुनिक सुविधाओं के महत्व पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य में खेलों के क्षेत्र में निवेश और छात्र-खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन परियोजनाओं से खेल प्रतिभाओं को उभरने का अवसर मिलेगा और राज्य खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगा।
khabre junction
