बाराबंकी में पुलिस अधीक्षक ने यातायात जागरुकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

  • रिपोर्ट: कपिल सिंह

बाराबंकी। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने यातायात माह समापन रैली को पटेल तिराहा से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, जमीरुल रहमान किदवई इंटर कॉलेज एवं पॉयनियर मॉन्टेसरी इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ एनसीसी कैडेट और स्काउट्स ने भी हिस्सा लिया। रैली पटेल तिराहा से शुरू होकर पुलिस लाइन्स तक पहुंची।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित लोगों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय स्वयं और पीछे बैठे व्यक्ति को BIS मानक वाले हेलमेट पहनने, चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने, लेन ड्राइविंग के नियमों का पालन करने, तेज रफ्तार न चलाने, गलत दिशा में वाहन न चलाने, शराब या नशे में वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय फोन या चैटिंग न करने, और सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद करने की शपथ दिलाई।

पुलिस अधीक्षक ने यातायात जागरुकता अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों, शिक्षकों और समाजसेवियों को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी रितेश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात आलोक पाठक, क्षेत्राधिकारी नगर संगम कुमार, यातायात प्रभारी रामयतन यादव, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर सुधीर कुमार सिंह, प्रतिसार निरीक्षक राजेश कुमार, तथा विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक, समाजसेवी और अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.