गाजियाबाद। दिल्ली–मेरठ एक्सप्रेसवे पर रविवार रात हुआ हादसा अब हत्या में बदल गया है। इस घटना में गंभीर रूप से घायल ट्रैफिक सिपाही विपिन ने इलाज के दौरान सोमवार को दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार ने विपिन को इतनी जोरदार टक्कर मारी थी कि वे करीब 10 फुट हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसे देखकर साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह कोई साधारण सड़क हादसा नहीं, बल्कि जानबूझकर किया गया हमला था।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि कार चला रहा व्यक्ति विनीत नाम का हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट है कि विनीत ने सिपाही को जानबूझकर निशाना बनाया।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है कि उसने ट्रैफिक सिपाही की हत्या क्यों और किन वजहों से की।
शहीद हुए सिपाही विपिन की मौत से पुलिस विभाग में शोक की लहर है। वहीं, गाजियाबाद पुलिस ने आरोपी को कड़ी सजा दिलाने का भरोसा जताया है।

